Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

श्रुति की मौत का मुद्दा उठा क्षेत्रीय युवाओं ने किया प्रदर्शन
हमीरपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नीट पेपर लीक सहित अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक को लेकर राजधानी के जंतर-मंतर में सीजीपी के बैनर तले चल रहे जेन जी के अनशन को एक माह पूरा हो गया है। आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित विभिन्न मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसी के चलते सोमवार को जंतर मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च के दौरान हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़े। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झडप भी हुई तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। आंदोलन में हमीरपुर जनपद के मौदहा क्षेत्र के कम्हरिया गांव निवासी युवा नेता अब्दुल सत्तार गौस पिछले 15 दिनों से जंतर-मंतर पर मौजूद रहकर आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हमीरपुर के राठ क्षेत्र की श्रुति साहू के लिए जस्टिस फॉर श्रुति साहू लिखी तख्ती हाथ में लेकर न्याय की मांग उठाई। यह जानकारी युवा नेता अब्दुल सत्तार गौस ने दी।
गौरतलब है कि राठ निवासी श्रुति साहू ने कथित तौर पर नीट परीक्षा में अपेक्षा के अनुरूप अंक न आने के बाद विषाक्त पदार्थ (जहर) खाकर कर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना को लेकर जंतर-मंतर पर उठाई गई न्याय की मांग आंदोलनकारियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
उधर हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में भी नीट पेपर लीक के विरोध को लेकर युवाओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सोमवार की दोपहर बाद दर्जनों की तादाद में छात्र छात्राओं ने सागर तालाब के पास स्थित शहीद पार्क पहुंच कर बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था पर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नीट परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। युवाओं ने कहा कि बार बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं को भविष्य दांव पर लग गया है। इस दौरान छात्रों ने कहा कि पेपर लीक होने से अब तक कई छात्र छात्राएं आत्म हत्या जैसे कदम उठा चुके हैं। युवाओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा