नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का धरना-प्रदर्शन
उरई, 20 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को जालौन के उरई शहर में छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी चबूतरे पर एकत्र हुए विद्यार्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते
नीट परीक्षा लीक को लेकर हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते छात्र


उरई, 20 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को जालौन के उरई शहर में छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी चबूतरे पर एकत्र हुए विद्यार्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक न होने देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।

धरना-प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है। उनका कहना था कि ऐसी घटनाएं मेधावी छात्रों के साथ अन्याय हैं और इससे परीक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर होता है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। धरने के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि आवश्यक हुआ तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की जाएगी।

छात्रा कंचन सिंह ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य सुरक्षित होना चाहिए। बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का मनोबल टूटता है, इसलिए सरकार को ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। छात्र अनुपम कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। मौके पर पुलिस व्यवस्था भी मौजूद रही।

प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से साक्षी, कंचन सिंह, सौम्या सैनी, अनुष्का, यासमीन, निशा, अनुपम कुमार, नवदीप नगाइच, अक्षांस यादव, समीर, रवि सोनी, कपिल, समर, शोएब, सुशील गौतम, जितेन्द्र, रोहित, हरिओम लतोनिया, आदर्श, बालु और अंकुर आदि युवाओं ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा