Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की बी समवाय ने सोमवार को भगतपारा कार्यक्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण का विस्तार तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।
अभियान में समवाय के अधिकारियों और जवानों के साथ स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं, शिक्षकों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बकुल, अर्जुन, मादुरी, जामुन सहित विभिन्न फलदार और छायादार प्रजातियों के सैकड़ों पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट दशरथ सिंह ने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं। पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय