Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 20 जुलाई (हि. स.)। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने कहा है कि औद्योगिक नगरी कोरबा को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सर्वसुविधायुक्त आधुनिक सरकारी अस्पताल की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के जागरूक लोगों के सहयोग से इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करने की पहल की जाएगी।
कोरबा प्रवास के दौरान सरोज पाण्डेय ने आज सोमवार को कोरबा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों से शिष्टाचार भेंट कर जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पत्रकारों ने रेलवे सुविधाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
पत्रकारों ने आग्रह किया कि कोरबा की वर्षों पुरानी रेल समस्याओं के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करना चाहता है। इस पर सरोज पाण्डेय ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि रेल मंत्री से समय निर्धारित होने के बाद प्रतिनिधिमंडल को इसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर कोरबा को रेलवे सुविधाओं के मामले में उसका उचित अधिकार दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
चर्चा के दौरान सरोज पाण्डेय ने कहा कि देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचान रखने वाले कोरबा में आज भी सर्वसुविधायुक्त सरकारी अस्पताल का अभाव महसूस किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस आवश्यकता को देखते हुए सरकार के सहयोग और जनभागीदारी के माध्यम से आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। इस पहल पर पत्रकारों ने भी उनका समर्थन करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी