Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्णिया, 20 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानसभा के अष्टादश सत्र के प्रथम दिन पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय सदन में उठाए गए। ध्यानाकर्षण के माध्यम से राज्य सरकार के समक्ष लंबित जेपी सेनानी आवेदकों को पेंशन सुविधा देने तथा भूमिगत आंदोलनकारियों को सेनानी का दर्जा प्रदान करने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही पूर्णिया पूर्व प्रखंड की गौरा पंचायत स्थित इमली टोला में सुरेश ऋषि के घर से भटहा-कटिहार सीमा तक सड़क निर्माण कराने के लिए सदन में निवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं कवैया पंचायत के वार्ड संख्या-9 में विषहरी स्थान से देवलाल चौहान के घर तक सड़क निर्माण कराने से संबंधित याचिका भी दी गई।
सदन की कार्यवाही के दौरान नियोजित शिक्षकों की विभिन्न मांगों से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को सौंपा गया। पत्र के माध्यम से नियोजित शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा उनकी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया।
पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को सदन में उठाते हुए सरकार से सड़क निर्माण, जेपी सेनानियों के सम्मान और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह