Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कटिहार, 20 जुलाई (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह ने कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 स्थित रेलवे न्यायालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय की न्यायिक व्यवस्था, हाजत की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए वहां चल रहे जीर्णोद्धार (रेनोवेशन) कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
निरीक्षण के क्रम में प्रधान जज रेलवे कोर्ट के हाजत में भी पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा और साफ-सफाई की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। भवन के रेनोवेशन कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव को निर्देशित किया कि वे रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तय समय-सीमा के भीतर सभी निर्माण व मरम्मत कार्य पूरे कराएं। इससे न्यायालय का दैनिक कामकाज बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चल सकेगा।
प्रधान जिला जज ने न्यायालय परिसर की वर्तमान व्यवस्थाओं और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं न्यायिक प्रक्रिया को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए बेहद जरूरी हैं। इस मौके पर उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव सह एसीजेएम कमलेश सिंह देबू, रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव सहित न्यायालय और रेल प्रशासन के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कटिहार का रेलवे न्यायालय वर्षों पुराने भवन में संचालित हो रहा था, जिसकी स्थिति समय के साथ काफी जर्जर और दयनीय हो चुकी थी। पूर्व में पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने भी रेल प्रशासन को इसके जीर्णोद्धार और नए रेलवे कोर्ट के निर्माण का निर्देश दिया था। परिसर अत्यधिक संकुचित होने के कारण नियमित न्यायिक कार्यों और मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस रेनोवेशन कार्य के पूरा होने के बाद न्यायालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह