रालोद का मिशन राजस्थान को लेकर कार्यकर्ताओं का महाकुंभ दो अगस्त को
जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने राजस्थान में संगठन विस्तार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 2 अगस्त को धौलपुर में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर सोमवार क
रालोद का मिशन राजस्थान को लेकर कार्यकर्ताओं का महाकुंभ दो अगस्त को


जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने राजस्थान में संगठन विस्तार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 2 अगस्त को धौलपुर में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर सोमवार को रालोद के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जोगिन्दर सिंह अवाना ने पार्टी की आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

पूर्व विधायक अवाना ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन धौलपुर के सैपऊ रोड स्थित हिना मैरिज होम में आयोजित होगा। इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी मलूक नागर सहित राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। वे कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मार्गदर्शन देंगे।

प्रदेशाध्यक्ष अवाना ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की किसान,मजदूर और ग्रामीण विकास केंद्रित नीतियों एवं विचारों को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाना पार्टी का प्रमुख उद्देश्य है। इसी लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में कार्यकर्ता सम्मेलन, सभाएं और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।

अवाना ने बताया कि इससे पहले जयपुर और भरतपुर संभाग में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में दो बड़ी जनसभाओं का सफल आयोजन किया जा चुका है। अब आगामी छह महीनों में राजस्थान के विभिन्न संभागों में जयंत चौधरी की पांच और संभाग स्तरीय जन सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं के माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी। पार्टी नेताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश