Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


धमतरी, 20 जुलाई (हि.स.)। सोरिद वार्ड स्थित डिपोपारा अटल आवास परिसर में रहने वाले 58 परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। नगर पालिक निगम के महापौर रामू रोहरा की पहल पर पुनर्वास प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई है। महापौर ने निगम अधिकारियों को सभी परिवारों का पारदर्शी एवं समयबद्ध सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार इंद्रप्रस्थ आवास में स्थानांतरित किया जा सके।
सोमवार को सोरिद डिपोपारा स्थित अटल आवास के रहवासी अपनी समस्याओं और पुनर्वास की मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां महापौर रामू रोहरा ने सभी परिवारों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक पात्र परिवार को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए निगम पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। महापौर रोहरा ने बताया कि अटल आवास परिसर में वर्तमान में 58 परिवार निवासरत हैं। इन परिवारों के पुनर्वास के लिए सबसे पहले विस्तृत सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के माध्यम से वास्तविक पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद पात्र परिवारों को शासन के नियमानुसार इंद्रप्रस्थ आवास में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। किसी भी पात्र हितग्राही के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।महापौर रामू रोहरा ने निर्देश दिए कि सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को बिना अनावश्यक विलंब के पुनर्वास का लाभ मिल सके। अटल आवास के रहवासियों ने महापौर की पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित उनकी समस्या को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई है, जिससे सभी परिवारों में नए आशियाने की उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा