Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 20 जुलाई (हि.स.)। मंडी की ऐतिहासिक सेरी पैवेलियन चानणी में सोमवार को जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जिंदाबाद व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। सीटू व अन्य संगठनों ने सीटू और अन्य संगठनों ने मिलकर मंडी सेरी मंच पर धरना प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में चल रहे आंदोलन का समर्थन किया।
इस दौरान सीटू जिला महासचिव राजेश शर्मा ने शिक्षा व्यवस्था पर लगातार हो रहे हमलों, नीट पेपर लीक, एनटीए को भंग करने व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में धकेली जा रही है। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में बार-बार पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। एनटीए पूरी तरह अपनी विश्वसनीयता खो चुका है। इसलिए संगठनों की मांग है कि एनटीए को तत्काल भंग कर एक पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू की जाए।
सीटू का मानना है कि शिक्षा व्यवस्था की इस विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।दिल्ली के जंतर-मंतर में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और आंदोलनकारियों के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार और बलपूर्वक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को पुलिस बल के माध्यम से दबाना। छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र पर हमला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा