Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए बाड़मेर जिले के धनाऊ तहसील अंतर्गत ईटादा पटवार मंडल के पटवारी संजयकुमार मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने कृषि भूमि के कॉमर्शियल कन्वर्जन के लिए मौका रिपोर्ट पेश करने और आगे की कार्रवाई में सहयोग करने की एवज में परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 5 हजार रुपए पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 15 हजार रुपए लेते समय एसीबी ने उसे दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बाड़मेर को शिकायत मिली थी कि ग्राम ईटादा स्थित कृषि भूमि के कॉमर्शियल कन्वर्जन के लिए परिवादी और उसके भाई द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया था। तहसीलदार धनाऊ ने मौका जांच और रिपोर्ट के लिए संबंधित पटवारी को आदेश जारी किए थे। आरोप है कि पटवारी संजयकुमार मीणा ने मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट पेश करने तथा कन्वर्जन की अग्रिम कार्रवाई में सहयोग करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। सत्यापन के दौरान 17 जुलाई को आरोपी ने 5 हजार रुपए ले लिए थे और शेष 15 हजार रुपए बाद में लेने पर सहमति बनी थी।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में बाड़मेर एसीबी इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार और पुलिस निरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी पटवारी को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश