Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


कैडेटों ने ड्रिल, क्वार्टर गार्ड और ड्रोन प्रशिक्षण में दिखाई प्रतिभा
प्रयागराज, 20 जुलाई (हि.स.)। पारंपरिक सैन्य प्रशिक्षण के साथ आधुनिक तकनीकी शिक्षा का सफल समन्वय किया जा रहा है। इससे कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का समग्र विकास हो रहा है। उक्त बातें सोमवार को 15 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-69) के आठवें दिन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने कहीं।
उन्होंने कहा कि शिविर में आधुनिक तकनीक को भी विशेष महत्व दिया गया। कैडेट्स को ड्रोन संचालन तथा रक्षा एवं आपदा प्रबंधन में उसके उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं योग्य प्रशिक्षकों की देखरेख में लाइव फायरिंग अभ्यास के अंतिम बैच का सफल आयोजन किया गया, जिससे सभी कैडेट्स को सुरक्षित हथियार संचालन और निशानेबाजी का व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स के समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए आईजीसी-टीएससी टीम को शुभकामनाएं दीं।
सोमवार को 15 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-69) के आठवें दिन कैडेट्स ने अनुशासन, सैन्य कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण गतिविधियों में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। साथ ही इंटर ग्रुप प्रतियोगिता (आईजीसी) थल सैनिक कैंप (टीएससी) के लिए चयनित कैडेट्स ने विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी तैयारियों को और मजबूत किया।
शिविर का प्रमुख आकर्षण फाइनल ड्रिल कंटिंजेंट प्रतियोगिता रही, जिसमें विभिन्न टुकड़ियों ने ड्रिल, तालमेल, अनुशासन, कमांड और आकर्षक टर्नआउट का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने कैडेट्स के कठोर प्रशिक्षण, आत्मविश्वास और उच्च मनोबल की झलक प्रस्तुत की।
इसके अलावा क्वार्टर गार्ड प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स का मूल्यांकन औपचारिक सैन्य मानकों, हथियार संचालन की दक्षता, सतर्कता, अनुशासन और समग्र सैन्य आचरण के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
आईजीसी थल सैनिक कैंप (टीएससी) टीम के चयनित कैडेट्स के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अभ्यास कराया गया।
रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि CATC-69 का उद्देश्य कैडेट्स को आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण, तकनीकी ज्ञान और नेतृत्व क्षमता से सुसज्जित करना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रसेवा के लिए सक्षम, अनुशासित और आत्मविश्वासी नागरिक बन सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल