Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़, 20 जुलाई (हि.स.)। थाना साइबर और थाना कोतवाली चक्रधरनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच बाइक चोरों और चोरी की माेटरसाइकिल खरीदने वाले दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत के पास चोरी की मोटरसाइकिल है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने बताया कि तीन सप्ताह पूर्व सत्तीगुड़ी चौक से चोरी की गई बजाज सीटी-100 (सीजी-13-एएच-2258) को उसने संबलपुरी निवासी दशरथ खड़िया को 3,000 में बेच दिया था। वहीं 7 जुलाई की रात उसने विष्णु राठिया और जलधर कुंवर के साथ मिलकर होंडा एसपी-125 चोरी की थी। इसके बाद 10 जुलाई की रात उसने अमन खड़िया और अमित भोय के साथ मिलकर चक्रधरनगर क्षेत्र के सिग्नल चौक से हीरो ग्लैमर (सीजी-13-जे-4850) चोरी कर उसे संबलपुरी निवासी नरसिंग चौहान को बेच दिया।
पुलिस ने आयुष दास महंत के मेमोरेंडम के आधार पर उसके कब्जे से होंडा एसपी-125, दशरथ खड़िया के कब्जे से बजाज सीटी-100 तथा विवेचना के दौरान तीसरी चोरी की माेटरसाइकिल चक्रधरनगर पुलिस ने चोरी की माेटरसाइकिल के खरीददार आरोपित नरसिंग चौहान के घर दबिश देकर बरामद किया गया । पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर आयुष दास महंत (20 वर्ष), विष्णु राठिया (18 वर्ष), जलधर कुंवर (24 वर्ष), अमन खड़िया (19 वर्ष), अमित भोय (20 वर्ष) तथा चोरी की माेटरसाइकिल खरीदने वाले दशरथ खड़िया (24 वर्ष), नरसिंग चौहान (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण में चोरी का माल खरीदकर छिपाने एवं अपराध में सहभागिता पाए जाने पर धारा 317(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। सभी आरोपिताें को न्यायालय में पेश कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपित नरसिंग चौहान ने बताया कि उसका परिचित आयुष दास महंत करीब 4-5 दिन पहले उसके पास आया था और बताया कि उसने एक ग्लैमर मोटरसाइकिल चोरी की है तथा उसका नंबर प्लेट भी बदल दिया है। आयुष ने पैसों की जरूरत बताते हुए मोटरसाइकिल उसके पास रख दी और बदले में उससे 4,700 लिए।
आरोपित के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की। चोरी की संपत्ति अपने पास रखने एवं खरीदने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान