Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान गांव गुडियाखेड़ा निवासी संजय कुमार के रूप में हुई। संजय कुमार सिरसा शहर में एक निजी अस्पताल में अपनी पत्नी को उपचार के लिए लेकर आया था।
रविवार रात को वह खाना लेकर अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान सडक़ पार करते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया और कार उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई। हादसे में संजय की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाखों रुपये की हेरोइन पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने जिला क्षेत्र से नशा तस्कर को लाखों रुपये रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान शहर के रानियां रोड क्षेत्र में जा रही थी। इसी दौरान सामने बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी सन्नी के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma