Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


छिंदवाड़ा, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया एकलव्य आवासीय विद्यालय में गुणवत्ताहीन और खराब भोजन का सामने आया है। इसको लेकर सोमवार को विद्यार्थियों ने धरना देकर कलेक्टर से ही मिलने की मांग की है।
छिंदवाड़ा जिले के तामिया स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में सोमवार को छात्र-छात्राएं सुबह से बारिश के बीच धरने पर बैठ गए। विद्यार्थियों का आरोप है कि उन्हें गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जा रहा है तथा कई बार खाने में कीड़े भी मिले हैं। इसी को लेकर विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने पर बैठे विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि लगातार खराब भोजन मिलने से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार विद्यालय प्रबंधन से मौखिक और लिखित शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। भोजन की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें आंदोलन करना पड़ा। छात्रप्रदर्शन स्थल पर तामिया तहसीलदार ओर तामिया थाना प्रभारी भी मौजूद है प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने स्पष्ट कहा कि वे अपना धरना तभी समाप्त करेंगे, जब उनकी मुलाकात जिला कलेक्टर से होगी। उनका कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं।
बारिश के बावजूद विद्यार्थी विद्यालय परिसर में धरने पर डटे रहे और बेहतर भोजन व्यवस्था की मांग करते रहे। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी शेष है। प्रशासनिक जांच और विद्यालय प्रबंधन के पक्ष के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan