Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



जौनपुर,20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर पुरानी बाजार में रविवार को इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे बदमाशों ने दएक सर्राफा व्यवसायी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने का प्रयास किया। इस बीच व्यवसायी और उनकी पत्नी के शोर मचाने पर बाजारवासियों ने घेराबंदी कर तीन आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रविवार अपराह्न करीब चार बजे बोलेरो वाहन से पांच लोग गोपालापुर पुरानी बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल की दुकान पर पहुंचे। आरोपितों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए परिचय पत्र दिखाया और जांच के नाम पर दुकान के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण बाहर निकलवाए। इसके बाद उन्होंने सभी गहनों को एक बैग में भर लिया।आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने दिनेश बरनवाल और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, व्यवसायी का लाइसेंसी रिवॉल्वर भी अपने कब्जे में ले लिया। रिवॉल्वर जब्त किए जाने पर दंपति को शक हुआ और उन्होंने दुकान के अंदर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बदमाशों को घेर लिया, जिससे दो आरोपित मौके से भाग निकले। जबकि तीन बदमाशों को बोलेरो समेत पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची रामपुर थाना पुलिस तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने जब बोलेरो के नंबर की जांच की तो वह एक बाइक का नंबर निकला, जिससे वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के संबंध में रविवार देर रात क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि थाना रामपुर क्षेत्र के गोपालापुर पुरानी बाजार में स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर कुछ बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान पर जांच के नाम पर धोखाधड़ी एवं लूट का प्रयास किया गया। दुकानदार ने घटना की जानकारी थाना एवं चौकी पुलिस को दी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय नागरिकों के सहयोग से तीन बदमाशों को मौके से पकड़ लिया तथा एक वाहन बरामद किया। घटना के दौरान दो अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा सघन तलाश की जा रही है तथा प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सोमवार को बताया कि घटना और गिरफ्तार आरोपितों के मामले का खुलासा किया जाएगा। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव