आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार, तीन दिन का पुलिस रिमांड
धर्मशाला, 20 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला के दाड़ी क्षेत्र में 34 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना धर्मशाला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका नंदा देवी के पति अशोक कुमार को हिरासत में ले लिया
आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार, तीन दिन का पुलिस रिमांड


धर्मशाला, 20 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला के दाड़ी क्षेत्र में 34 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना धर्मशाला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका नंदा देवी के पति अशोक कुमार को हिरासत में ले लिया है। साथ ही न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड में भेजा गया है। उक्त मामले में सोमवार को जोनल अस्पताल धर्मशाला में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया है। इस दौरान परिजनों ने मृतका के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए उचित न्याय प्रदान करने की मांग उठाई।

मिली जानकारी के अनुसार देहरा उपमंडल के भटोली फकोरिया निवासी वैभव शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी बहन नंदा देवी (34), पत्नी अशोक कुमार, निवासी गांव दाड़ी ने अपने पति से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुई। शिकायत के आधार पर थाना धर्मशाला में आरोपी पति अशोक कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है, कोर्ट की ओर से तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया