Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए राजसमंद के आरके जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन कराने की एवज में रिश्वत लेने वाले जूनियर सर्जन को गिरफ्तार किया। आरोपित चिकित्सक ने मरीज के परिजनों से ऑपरेशन के लिए दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें सौदा 1 हजार 800 रुपये में तय हुआ था। एसीबी ने शेष 1 हजार 300 रुपये लेते समय चिकित्सक को दबोच लिया।
एसीबी राजसमंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत सिंह चारण ने बताया कि आरके जिला चिकित्सालय में कार्यरत जूनियर सर्जन डॉ. पंकज जैन के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आंख के पास होने वाले ऑपरेशन के लिए डॉक्टर ने मरीज के परिजनों से दो हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 1 हजार 800 रुपए में सहमति बनी और 500 रुपए अग्रिम दे दिए गए।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। योजना के तहत पीड़ित 1 हजार 300 रुपए लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा। जैसे ही डॉक्टर ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। हाथ धुलवाने पर रासायनिक परीक्षण में रंग आने से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। टीम ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी के कार्यालय की भी तलाशी ली। वहीं, आरके जिला चिकित्सालय प्रशासन ने डॉक्टर का सेवा रिकॉर्ड तलब किया है। आरोपी को मंगलवार को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
एसीबी के अनुसार आरके जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन के नाम पर रिश्वत मांगने और डॉक्टरों के कथित निजी एजेंटों के सरकारी अस्पताल में सक्रिय रहने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इन शिकायतों के बाद राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने अस्पताल का निरीक्षण किया था और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देश दिए थे।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में अन्य चिकित्सकों तथा अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश