Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 20 जुलाई (हि.स.)।बिजली करंट की चपेट में आने से श्री हरि हाई स्कूल के दो छात्रों की मौत के मामले की जांच के लिए उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने एसआइटी का गठन किया है। घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यह बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि समिति पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी के नेतृत्व में एसआइटी में जिला शिक्षा पदाधिकारी दीप्ती कुमारी, कार्यपालक विद्युत अभियंता जेम्स कुजूर, तोरपा के प्रखंड विकास नवीन चंद्र झा, अंचलाधिकारी पूजा बिंहा को शामिल किया गया है। एसआइटी ने मामले में सोमवार की शाम को तोरपा पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
एसडीओ ने स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से बिजली तार की जमीन से ऊंचाई की जानकारी ली और वहां से तुरंत 11 हजार बोल्ट तार को हटाने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने रथ को भी जब्त कर थाना ले जाने का निर्देश दिया। इसके बाद जांच टीम मृत छात्र तीजेश्वर महतो के परिवार से मिलने टुराटोली रवाना हो गई।
उल्लेखनीय है कि भगवान जगन्नाथ के रथ की दिशा बदलने के कारण बिजली की तार से सटने से दो बच्चों की मौत हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा