Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बुनुमलता गांव में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला के जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की पहचान दशमा दोहरा (22) के रूप में हुई है। सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार रविवार रात किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी।
इसके बाद दोनों ने साथ में भोजन किया और सो गए। सोमवार सुबह छोटा दोहरा घर के समीप मजदूरी करने चला गया। इसी दौरान सुबह में दशमा दोहरा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके पति को दी।
छोटा दोहरा ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो पत्नी की हालत गंभीर थी। पहले उसे लगा कि गर्भावस्था के कारण प्रसव पीड़ा शुरू हुई है, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
मामले की सूचना गांव के मुंडा ने मंझारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि प्रथम दृष्टया परिजनों ने जहरीला पदार्थ खाने की बात कही है, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि मृतका का एक तीन वर्षीय पुत्र भी है। गर्भवती महिला की असामयिक मौत से बुनुमलता गांव में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक