Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 20 जुलाई (हि.स.)। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के कर्रा-गोविंदपुर रोड स्थित कैंची मोड़ में सोमवार काे नवविवाहिता ने कथित रूप से साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापुंग थाना क्षेत्र के तपकरा गांव निवासी आनंद गोप की शादी
05 मई 2026 को समुदर गांव निवासी मोहन गोप की पुत्री रेखा से हुई थी।
विवाह के बाद दोनों कैंची मोड़ स्थित अपने घर में रह रहे थे। बताया जाता है कि रविवार को दंपत्ति रेखा की बड़ी बहन के घर गए थे और शाम को वापस लौट आए। सोमवार सुबह रेखा अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से झूलती मिली। मृतका के पिता मोहन गोप ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनका दामाद व्यापार शुरू करने के नाम पर रेखा पर मायके से रुपये लाने का दबाव बना रहा था। उन्होंने इस प्रताड़ना को खुदकुशी का कारण बताया है। सूचना मिलने पर जरियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा