Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोडरमा, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के झुमरीतिलैया में सोमवार को पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा शहर की सड़कों पर निकाली गई। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे शहर में जय जगन्नाथ और हरिनाम संकीर्तन की गूंज सुनाई दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा की शुरुआत सुभाष चौक से हुई। इसके बाद रथ झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक और मौसीबाड़ी होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए रथ के पीछे चलते रहे।
विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान की आरती उतारी और प्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पर लगभग 40 फीट ऊंचे आधुनिक रथ लोगों का विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस्कॉन हजारीबाग के कोऑर्डिनेटर डॉ केशव आनंद दास ने बताया कि आधुनिक तकनीक से तैयार इस रथ की ऊंचाई आवश्यकता पड़ने पर 16 फीट तक कम हो सकती है। करीब 12 फीट चौड़े रथ को जापानी सिल्क से सजाया गया था। रथ के शीर्ष पर सुदर्शन चक्र स्थापित था, जबकि आगे चार घोड़ों की आकर्षक प्रतिकृति पारंपरिक स्वरूप प्रदान कर रही थी।
रथ के दोनों ओर लगी 100 से 150 फीट लंबी रस्सियों को हजारों श्रद्धालुओं ने मिलकर खींचा। रथयात्रा में स्थानीय विधायक डॉ नीरा यादव शामिल हुईं और जयकारा लगाते हुए दो किमी तक श्रद्धालुओं के साथ रस्सी खींचती दिखीं।
इस आयोजन को सफल बनाने में विश्व हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गायत्री परिवार, प्रेरणा शाखा, मारवाड़ी युवा मंच सहित कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने सक्रिय सहयोग किया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल और खिचड़ी प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर