Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोडरमा, 20 जुलाई (हि.स.)। जिला मुख्यालय के न्यू कॉलोनी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे रविवार देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने एक घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के नकदी, जेवरात सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया, जबकि दूसरे घर से करीब 10 हजार रुपये चोरी कर ली। दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन परिवार की सतर्कता के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने शिवनंदन कुमार के घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की नकदी, आभूषण सहित अन्य सामान की चोरी की। वहीं सचिन यादव के घर से करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इधर, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील यादव के घर भी चोरों ने सेंध लगाने की कोशिश की।
सुनील यादव ने बताया कि रविवार देर रात तक उनका बेटा पढ़ाई कर रहा था। सोने से पहले उसे घर के बाहर संदिग्ध आहट सुनाई दी। उसने मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पांच युवक खिड़की के रास्ते घर में घुसने का प्रयास करते दिखाई दिए। बेटे ने तुरंत शोर मचाया, जिससे सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। बाहर निकलने पर देखा गया कि चोर खिड़की के तीन स्क्रू खोल चुके थे और अंदर प्रवेश करने ही वाले थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
इसी तरह शंकर यादव के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन वहां भी चोर सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांचों संदिग्धों की पहचान में जुटी है। एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाए जाने की घटना से न्यू कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर