Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई (हि. स.)। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान एक ही दिन में 115 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 42,300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले पांच चालकों के वाहन जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
साेमवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में रविवार को जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले पांच चालकों को पकड़ा। सभी के वाहन जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दो नाबालिग वाहन चालकों को भी वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। मौके पर उनके परिजनों को बुलाकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और प्रत्येक मामले में 2-2 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान हाईवे पर नो-पार्किंग जोन में खड़े पांच भारी वाहनों पर भी कार्रवाई की गई और प्रत्येक वाहन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट मोटरसाइकिलों के साइलेंसर मौके पर ही हटाकर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, दस्तावेजों की कमी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न सौंपें और निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की भी जान सुरक्षित रखें।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT