Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में महज़ नौ दिन शेष रह गए हैं। मेला का दिन करीब आते ही सुल्तानगंज में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई है। इसी क्रम में एडीएम धीरेन्द्र कुमार मिश्रा सोमवार को जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्यम राज, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी हेमलता कुमारी, नगर परिषद सुल्तानगंज के स्वच्छता पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार के साथ नमामि गंगा घाट पहुंचे।
इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने नमामि गंगा घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट और प्रखंड मुख्यालय परिसर में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम ने विभाग के सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिये।
एडीएम ने बताया कि श्रावणी मेला में महज़ नौ दिन शेष बचे हैं। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के द्वारा 25 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण कर लेने का निर्देश दिए गये हैं। उसी को देखते हुए आज नमामि गंगा घाट में उदघाटन स्थल, गंगा घाट में बन रहे बेरिकेडिंग, एसडीआरएफ टीम की तैनाती, साफ सफाई, पानी की व्यवस्था, बिजली की व्यवस्था, कांवड़िया ठहराव स्थल, शौचालय की व्यवस्था का जायजा लिया जाज्ञरहा है। सभी कर्मचारियों को समय पूर्व सारी तैयारियां पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है। ताकि बाहर से आनेवाले कांवड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाए मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर