Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 20 जुलाई (हि.स.)।आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आज सोमवार समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से आयोजित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान, शासकीय भवनों पर रोशनी की व्यवस्था, स्कूली विद्यार्थियों की सहभागिता तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय