Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 20 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की 272 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। अब उससे पूछताछ कर तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। सेल प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर शादीपुर क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सौरभ की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 272 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शाहरुख के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर यमुनानगर क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करता था। शादीपुर में ससुराल होने के कारण वह स्थानीय पहचान का लाभ उठाकर संदेह से बचने का प्रयास करता था। पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी प्रतिबंधित पदार्थ किस स्रोत से प्राप्त करता था, किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की क्या भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान नशा तस्करी के व्यापक नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार