Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 20 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में कुएं में उतरे चार लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों में तीन एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन पर बचाव अभियान में लापरवाही और देरी का आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शी सुनील ने बताया कि रविवार रात गांव के एक पुराने और अनुपयोगी कुएं से बछड़े के रंभाने की आवाज सुनाई दी। उसे बचाने के प्रयास में दलबीर (41), नरेंद्र (37), मोनू और प्रवासी मजदूर रामे (34) एक-एक कर कुएं में उतरे। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण चारों बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। उसने बताया कि मौके पर तभी भीड़ जमा हो गई। हमने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन पहले कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।सुनील का दावा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने तक चारों जिंदा थे, लेकिन समय पर रेस्क्यू शुरू नहीं किया गया और अधिकारियों ने कार्रवाई करने में देरी की।
ग्रामीणों का कहना है कि रात 8 बजे पुलिस, फायर ब्रिगेड व एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन देर रात तक कोई बड़ा अधिकारी या बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा। एक निजी कंपनी ने अपनी फायर ब्रिगेड भेजी और ग्रामीणों ने निजी गोताखोर बुलाए। प्रशासन से मदद नहीं मिलने पर उन्होंने खुद राहत कार्य शुरू किया। पहले सेप्टिक टैंक की मदद से कुएं का पानी कम किया गया। इसके बाद जेसीबी से कुएं की दीवार का हिस्सा तोड़ा गया, ताकि अंदर भरी जहरीली गैस बाहर निकल सके। देर रात 11:30 बजे बाद में फायर ब्रिगेड के मास्क पहनकर ग्रामीण ही कुएं में उतरे। सोमवार अल सुबह करीब तीन बजे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंची एंबुलेंस में ऑक्सीजन की सुविधा नहीं थी। उनका कहना है कि चारों फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के समय वो जीवित थे और समय पर ऑक्सीजन मिलती तो उनकी जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह पहले मुनीमपुर गांव और फिर नागरिक अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल में ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची गई थी। लोगों ने कुछ आरोप लगाए हैं, उनकी जांच कराई जाएगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा