Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 20 जुलाई (हि.स.)। पानीपत काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर में सोमवार को एक खिलौनों में भरने वाली फाइबर बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिससे फैक्ट्री में रखा लाखों रुपए का कच्चा व तैयार माल सहित मशीनें भी जलकर खाक हो गई। फैक्ट्री मालिक अरुण निवासी ने बताया कि वह अर्जुन नगर में खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली फाइबर बनाने की फैक्ट्री चला रहे हैं।
सोमवार सुबह इलाके में बिजली की वोल्टेज अचानक अप-डाउन होने लगी। इसी दौरान फैक्ट्री के भीतर बिजली के पैनल में जोरदार शार्ट सर्किट हुआ और चिंगारी फैक्ट्री में रखे फाइबर पर जा गिरी, अत्याधिक ज्वलनशील होने के कारण फाइबर ने चंद मिनटों में ही आग से पूरी फैक्ट्री को घेर लिया और आसमान में धुएं के गुबार छा गए।
फैक्ट्री मालिक अरुण ने बताया कि आगजनी के समय फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में स्टॉक मौजूद था। फैक्ट्री के गोदाम में करीब 50 से 60 टन कच्चा माल रखा हुआ था। लगभग 10 टन तैयार माल पूरी तरह पैक था। अरुण ने बताया कि इस तैयार माल को रविवार को ही भेजा जाना था, लेकिन छुट्टी होने की वजह से गाड़ी रवाना नहीं की गई। इसे सोमवार सुबह पानीपत के इंडस्ट्रियल एरिया में सप्लाई के लिए भेजा जाना था। माल रवाना होने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री से उठती आग की लपटों को जब पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने देखा तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया और फैक्ट्री मालिक व फायर विभाग को इसकी सूचना दी। फैक्ट्री मालिक अरुण ने फायर विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की शुरुआती दो गाड़ियां काफी देरी से मौके पर पहुंचीं। अगर फायर की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो आग पर तुरंत काबू पाया जा सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा