Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पेरिस, 20 जुलाई (हि.स.)। फ्रांस ने तेहरान में अपने दूतावास के दो अधिकारियों को ईरानी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कई घंटों तक हिरासत में रखने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई अस्वीकार्य है और इसके परिणाम ईरान को भुगतने होंगे।
विदेश मंत्री बारो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि दोनों फ्रांसीसी अधिकारियों को बिना किसी कारण कई घंटों तक हिरासत में रखा गया। इस दौरान उनसे पूछताछ की गई और शारीरिक रूप से डराने-धमकाने की भी कोशिश की गई। बाद में उन्हें दूतावास लौटने की अनुमति दी गई।
बारो ने कहा कि उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि फ्रांसीसी राजनयिकों के साथ किया गया यह व्यवहार अत्यंत गंभीर और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि राजनयिक अधिकारियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का उल्लंघन अंतरराष्ट्रीय मानकों के खिलाफ है और इसे बिना किसी प्रतिक्रिया के नहीं छोड़ा जाएगा।
हालांकि फ्रांस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह ईरान के खिलाफ क्या कदम उठाएगा, लेकिन पेरिस ने संकेत दिया है कि इस घटना का असर दोनों देशों के राजनयिक संबंधों पर पड़ सकता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय