भरतपुर में लेपर्ड को पीट-पीटकर मारने के मामले में पांच गिरफ्तार, वन विभाग के सामने की थी क्रूरता
भरतपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के वैर थाना क्षेत्र के सीता गांव में दो महीने पहले एक लेपर्ड को लाठियों से पीट-पीटकर मारने और उसके शव को आग के हवाले करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। घटना 20 मई की है, जब ग्रामीणों ने वन
फाइल


भरतपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के वैर थाना क्षेत्र के सीता गांव में दो महीने पहले एक लेपर्ड को लाठियों से पीट-पीटकर मारने और उसके शव को आग के हवाले करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। घटना 20 मई की है, जब ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में ही लेपर्ड पर हमला कर उसकी जान ले ली थी।

वैर नाका प्रभारी हरगोविंद ने बताया कि 20 मई को सीता गांव निवासी किसान बनेसिंह के घर में एक लेपर्ड घुस गया था। लेपर्ड को देखकर परिवार के सदस्य घबराकर घर से बाहर निकल आए और शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच किसी ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम और वैर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

बताया गया कि जैसे ही लेपर्ड घर से बाहर निकला, ग्रामीणों ने उस पर चादर और तिरपाल डालकर उसे काबू कर लिया। इसके बाद गांव के बनेसिंह, प्यार सिंह, हेमंत कुमार, मेघसिंह और देवीसिंह सहित कई लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी और लेपर्ड को पीट-पीटकर मार डाला।

इतना ही नहीं, लेपर्ड की मौत के बाद उसका शव भी आग के हवाले कर दिया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलते हुए शव को बाहर निकाला। बाद में लेपर्ड का पोस्टमॉर्टम करवाकर नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद वन विभाग ने 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में मुख्य रूप से शामिल पांच आरोपिताें बनेसिंह, प्यार सिंह, हेमंत कुमार, मेघसिंह और देवीसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस और वन विभाग की टीम मामले में अन्य आरोपिताें की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों ने वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित