चार पंचायतों ने खोला मोर्चा, सोरम की शराब दुकान हटाने कलेक्ट्रेट पहुंचे सरपंच
धमतरी, 20 जुलाई (हि.स.)। स्कूल, आइटीआइ और अस्पताल के समीप संचालित सोरम की शराब दुकान के विरोध में चार ग्राम पंचायतों ने मोर्चा खोल दिया है। भटगांव, बेंद्रानवागांव, रूद्री और श्यामतराई ग्राम पंचायत के सरपंच सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को
सोरम की शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने पहुंचे चार ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि।


धमतरी, 20 जुलाई (हि.स.)। स्कूल, आइटीआइ और अस्पताल के समीप संचालित सोरम की शराब दुकान के विरोध में चार ग्राम पंचायतों ने मोर्चा खोल दिया है। भटगांव, बेंद्रानवागांव, रूद्री और श्यामतराई ग्राम पंचायत के सरपंच सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने मांग की है।

जिला सरपंच संघ उपाध्यक्ष एवं भटगांव सरपंच फागू राम साहू, बेंद्रानवागांव सरपंच प्रसून शुक्ला और रुद्री सरपंच लक्ष्मी बया ने बताया कि सोरम स्थित शराब दुकान से लगभग 200 मीटर की दूरी पर आइटीआइ कालेज और 400 मीटर की दूरी पर प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। वहीं समीप ही अस्पताल भी है। शराब सेवन करने वालों की आवाजाही और नशे की हालत में किए जाने वाले उत्पात से छात्र-छात्राओं, विशेषकर छोटे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके स्वजन को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि शराब दुकान तक पहुंचने वाली सड़क संकरी और जर्जर है। शराब खरीदने आने वाले लोग सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। वहीं नशे की हालत में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

सरपंचों ने कहा कि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी बिगड़ा है। उन्होंने नाबालिग बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समय रहते शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया तो इसका दुष्प्रभाव आने वाली पीढ़ी पर पड़ेगा। ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से बच्चों के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोरम स्थित शराब दुकान को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले की नवपदस्थ एसपी भावना पांडेय से भी मुलाकात कर उनका स्वागत किया और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरपंच संघ के अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू, परसुली सरपंच प्रेमू चंद्रवंशी, सारंगपुर सरपंच राम कुमार यादव, ग्राम पंचायत भटगांव के पंच दुष्यंत कुमार साहू एवं भेद कुमार सिन्हा उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा