सड़क हादसों में किशोर समेत चार की मौत, दो घायल
नोएडा, 20 जुलाई (हि.स.)। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 96 अंडरपास के पास सोमवार को बाइक सवार तीन युवकों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में एक किशोर की मौत हो गई। जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौ
प्रतीकात्मक छवि


नोएडा, 20 जुलाई (हि.स.)। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 96 अंडरपास के पास सोमवार को बाइक सवार तीन युवकों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में एक किशोर की मौत हो गई। जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सोमवार दोपहर को करीब एक बजे सेक्टर 96 अंडरपास के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन लड़के जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सेक्टर 96 के अंडर पास के पास डिवाइडर से टकरा गई इस घटना में चंदन, गुलशन और नासिर नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने गुलशन पुत्र मानक चंद उम्र 17 वर्ष निवासी सलारपुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन तथा नासिर की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि राम प्रकाश दुबे पुत्र रामनाथ दुबे उम्र 64 वर्ष अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोमवार को अपने एक परिजन को अस्पताल से देखकर सेक्टर 121 स्थित अपने घर जा रहे थे। जब वह सेक्टर 55 के पास से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। इस घटना में पिता- पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने राम प्रकाश दुबे को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।

थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया ,जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में प्रमोद कुमार पुत्र सुरेंद्र उम्र 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी