देवरिया : बस स्टैंड के पास होटल-ढाबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, बासी खाद्य पदार्थ नष्ट कराया
देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को रोडवेज बस स्टैंड के आसपास स्थित होटल, ढाबों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान
जांच करते  अधिकारी


देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को रोडवेज बस स्टैंड के आसपास स्थित होटल, ढाबों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र ने किया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा जाली या शीशे के आवरण का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बर्तनों और परिसर की नियमित सफाई के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और ग्राहकों को केवल ताजा एवं शुद्ध भोजन परोसने के लिए भी कहा गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों के फ्रीजर में बासी खाद्य पदार्थ पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अपने प्रतिष्ठानों पर खाद्य पंजीकरण अथवा लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत श्री गणेश स्वीट, स्वाद होटल, हैदराबाद बिरयानी, विशाल भोजनालय, श्री गणेश स्वीट्स एंड फास्ट फूड सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।उन्होंने बताया कि संचालकों को खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़े-गले फल, सब्जियों और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र, श्रीराम यादव, घनश्याम वर्मा, राजू पाल तथा नेहा त्रिपाठी शामिल रहे। विभाग ने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक