Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 20 जुलाई (हि.स.)। नगर परिषद कार्यालय सभागार में सोमवार को मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान की अध्यक्षता में नगर परिषद बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, उपमुख्य पार्षद निखत प्रवीण समेत सभी पार्षदों ने भाग लिया। बैठक में शहर के विकास, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के टाउन हॉल परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बृहत मॉल का निर्माण कराया जाएगा। वहीं डेमार्केट स्थित अपूर्वा मार्केट को विकसित कर सुपर मार्केट का स्वरूप दिया जाएगा। वार्ड संख्या-24 स्थित बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण की योजना को भी मंजूरी दी गई। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पांच सदस्यीय योजना समिति के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा स्ववित्त पोषित योजनाओं के तहत निर्मित सभी दुकानों की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। जर्जर दुकानों को ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा तथा दुकानों के किराया निर्धारण (रेट रिवीजन) को भी स्वीकृति दी जाएगी। मानसून को देखते हुए शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा जलजमाव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी। वहीं शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से माधव नगर सब्जी मंडी को मुख्य सड़क से हटाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में कुछ वार्डों में पूर्व से स्वीकृत योजनाओं को निरस्त किए जाने के मामलों पर भी गंभीर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया। नगर परिषद ने विश्वास जताया कि स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह