Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। जनता दर्शन में मिली शिकायत पर जिलाधिकारी (डीए) मधुसूदन हुल्गी ने साेमवार काे सदर तहसील के ग्राम सभा कुसुमौनी पहुंचकर जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कुसुमौनी निवासी आकाश शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि बरसात के पानी की निकासी नहीं होने और साइफन चोक होने के कारण गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हो रही और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी संभावित विकल्पों का सर्वे कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को खारी नाला की तत्काल सफाई कराने तथा जलभराव का पानी छोटी गंडक नदी तक पहुंचाने काे कहा। वहीं, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता को सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध या चोक हो चुके नालों और साइफनों की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु कराने का आदेश दिया। इसके अलावा बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्तमान जलभराव की समस्या से तत्काल राहत दिलाने के लिए पानी को नहर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक