Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार को सभी थानों पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनी गईं, सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए गए और आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर उनसे आत्मीय बातचीत की। पुलिसकर्मियों ने उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली तथा संपर्क बनाए रखने के लिए मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन सहायता नंबरों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीमों ने मौके पर प्राप्त शिकायतों का यथासंभव तत्काल निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि देवरिया पुलिस भविष्य में भी कम्यूनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान जारी रखेगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक