Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 20 जुलाई (हि.स.) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा साढौरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का सोमवार सुबह अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। 55 वर्षीय भूखड़ी के असामयिक निधन से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है। उनके निधन का समाचार मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक प्रतिनिधि और समर्थक उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह वह प्रतिदिन की भांति सैर से लौटे थे। इसके बाद उन्हें साढौरा में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त की प्रस्तावित बैठक में शामिल होना था। तैयारियों के दौरान अचानक सीने में तेज पीड़ा होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजपाल भूखड़ी का जन्म 19 मई 1971 को तत्कालीन अंबाला जिले, वर्तमान यमुनानगर के भूखड़ी गांव में हुआ था। बाद में उनका परिवार नारायणगढ़ क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव में बस गया। परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। कांग्रेस से लंबे समय तक जुड़े रहे राजपाल भूखड़ी की पहचान क्षेत्र के प्रमुख दलित नेताओं में होती थी। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने साढौरा आरक्षित सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विजय प्राप्त कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। विधायक रहते हुए उन्होंने किसानों, सिंचाई, शिक्षा, सड़क, बिजली तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और जनसंपर्क के माध्यम से अपनी अलग पहचान स्थापित की। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोबारा उन पर भरोसा जताया, हालांकि इस बार उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वे संगठनात्मक गतिविधियों और जनसरोकारों से निरंतर जुड़े रहे। हाल के वर्षों में उन्होंने पार्टी के कुछ निर्णयों पर सार्वजनिक असहमति भी दर्ज कराई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार