Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र स्थित सैरात शनिचर हाट की सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण के मामले में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता (एडीएम) ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की सुनवाई के बाद एडीएम ने इसे प्रथम दृष्टया गंभीर कदाचार मानते हुए जिलाधिकारी को त्रिवेणीगंज की अंचल अधिकारी प्रियंका सिंह के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।
यह मामला खाता संख्या-277, खेसरा संख्या-2058 की लगभग तीन बीघा पांच कट्ठा सरकारी भूमि से जुड़ा है। परिवादी दीपक कुमार ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि इस बहुमूल्य सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किया जा रहा है।सुनवाई के दौरान यह सामने आया कि अंचल अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में शनिचर हाट की चौहद्दी का उल्लेख उपलब्ध नहीं होने तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित अभिलेख अंचल कार्यालय में नहीं होने की बात कही थी।
इसी आधार पर उन्होंने भूमि की मापी कराने में असमर्थता जताते हुए शिकायतकर्ता को आरसीएमएस पोर्टल पर नया आवेदन देने की सलाह दी थी। बाद में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने भी इसी रिपोर्ट के आधार पर मामले का निष्पादन कर दिया।परिवादी द्वारा प्रथम अपील दायर किए जाने के बाद एडीएम ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से रिपोर्ट तलब की। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि संबंधित भूमि के संबंध में कभी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नहीं हुई थी। इससे यह तथ्य सामने आया कि उक्त भूमि अंचल प्रशासन के अधिकार क्षेत्र की सरकारी जमीन है, जिसकी सुरक्षा एवं अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी अंचल प्रशासन की है।
मामले की समीक्षा के दौरान एडीएम ने पाया कि अंचल अधिकारी ने अभिलेखों का समुचित परीक्षण नहीं किया और वरीय अधिकारियों के निर्देशों का भी पालन नहीं किया। आदेश में उल्लेख किया गया है कि प्रथम दृष्टया उनकी कार्यशैली अतिक्रमणकारियों को संरक्षण देने वाली प्रतीत होती है तथा उनका आचरण बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 की भावना के अनुरूप नहीं है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम ने अपने अंतिम आदेश की प्रति जिलाधिकारी सुपौल एवं स्थापना उपसमाहर्ता को भेजते हुए संबंधित अंचल अधिकारी के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस आदेश के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है तथा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र