Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 20 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल-दो ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर रोड स्थित बटेढ़ी गांव के समीप कार्रवाई करते हुए एक युवक को पांच किलो 129 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सेल प्रभारी रमन चंदेल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बटेढ़ी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 5 किलो 129 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान जिला समस्तीपुर,बिहार निवासी निसुन दास के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह यमुनानगर के भेड़थल क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता है और मादक पदार्थ बिहार से लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित पदार्थ की आपूर्ति उसे किस माध्यम से हुई तथा इसकी डिलीवरी किन लोगों तक की जानी थी। रमन चंदेल ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार