Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनभद्र, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले की पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के अभियोग में वांछित अभियुक्त को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र ले आयी है ।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की गोवध निवारण अधिनियम के अभियोग में पश्चिम बंगाल के वांछित पशु तस्कर राजा कुरैशी काे गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र ले आयी है।
एसपी ने बताया की पशु तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक संगठित गिरोह का मामला आया था जो मिर्जापुर, सोनभद्र व वाराणसी से छोटे वाहनों से 6–8 की संख्या में गोवंश को चैनपुर खुर्माबाद बिहार भेजते थे। उसके बाद बड़े कंटेनरों में अत्यंत क्रुरतापुर्ण तरिके से 50 से 80 गोवंश को बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल के मेमारी भेजा जाता था। इस मामले में पूर्व में दर्ज मुकदमा की विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि अवैध गोवंश तस्करी एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से संचालित की जा रही थी। पूर्व में इस पशु तस्करी संगठित गिरोह के दस सदस्य गिरफ्तार हो चुके हैं।
जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि तस्करी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न व्यक्तियों एवं व्यावसायिक खातों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत एवं अंतिम लाभार्थियों को छिपाने का प्रयास किया जाता था। अब तक 25 से अधिक बैंक खातों का विश्लेषण किया जा चुका है, जिनमें लगभग 80-100 करोड़ से अधिक के लेन-देन का परीक्षण किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त से भी पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी