Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंफाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले में सोमवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब 2:30 बजे केइराओ वांगखेम इलाके में हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावर घर में घुसे और दंपति पर आग्नेयास्त्र तथा धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए।
मृतक की पहचान एन. थम्बौ (52) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी एन. केइनातोम्बी देवी (53) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें उपचार के लिए शिजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) के शवगृह भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश