Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बहराइच, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेलामकन गांव में एक गोवंश पर भाले से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि गांव के दो लोगों ने भाला मारकर गोवंश को घायल कर दिया। भाला काफी देर तक गोवंश के शरीर में फंसा रहा, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल गोवंश को सुरक्षित कब्जे में लिया। इसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर गोवंश के शरीर से भाला निकाला गया तथा उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपिताें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे गांव निवासी अली मर्दन और अनीस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA