Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ आधारित है और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए प्रत्येक बूथ समिति का प्रशिक्षित एवं सक्रिय होना आवश्यक है। यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहीं।
दो दिवसीय प्रवास पर कानपुर पहुंचे भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली के साथ बूथ स्तरीय प्रशिक्षण अभियान (डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण) की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ समितियों की अहम भूमिका है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में बूथ स्तरीय प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों सहित संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
राम किशोर साहू ने बताया कि 22 जुलाई को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से बूथ समितियों को सशक्त बनाने के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी 17 जिलों में जिला प्रभारियों और जिला प्रवासियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय कर अभियानों की सतत निगरानी करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह, क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, पवन पांडेय, आलोक शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, अमित प्रजापति, मोहित सोनकर, दिनेश मौर्य, विधि राजपाल, रश्मि श्रीवास्तव सहित क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली के सदस्य मौजूद रहे।
इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के 23 जुलाई से प्रस्तावित दो दिवसीय कानपुर-बुंदेलखंड प्रवास की तैयारियों को लेकर युवा मोर्चा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने की। इस दौरान प्रवास कार्यक्रम की रूपरेखा और स्वागत की तैयारियों पर चर्चा की गई।
राम किशोर साहू ने कहा कि युवा शक्ति भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और रोहित मिश्रा का कानपुर आगमन युवा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास को सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाए। उन्होंने बताया कि रोहित मिश्रा क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और युवा कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित करेंगे तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही उन्होंने युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू को पूरे प्रवास कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप