Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार के लिए प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों, गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं तथा आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्री की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत शिविरों और बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। सभी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों, शिशु आहार और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रियों और स्थानीय विधायकों को भी प्रभावित क्षेत्रों में रहकर स्थिति की निगरानी, राहत एवं बचाव कार्यों तथा राहत सामग्री के समय पर वितरण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
डॉ. सरमा ने विश्वास जताया कि सरकार, जिला प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयासों से इस प्राकृतिक आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश