सोनम वांगचुक के समर्थन में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
उरई, 20 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आआप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बेरोजगारी, पेपर लीक तथा शिक्षा व्यवस्था स
सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करती आप


उरई, 20 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आआप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बेरोजगारी, पेपर लीक तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में उरई कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई। पार्टी नेताओं का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के करोड़ों युवाओं का विश्वास कमजोर किया है, इसलिए सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन नियमानुसार राष्ट्रपति कार्यालय को भेज दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा