Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अमेठी, 20 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किमी 67.1 पर सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। हादसे में शिरिष्ट कुमार यादव (40) निवासी वैशाली, बिहार तथा दीपक कुमार सिंह (24) निवासी बारुपुर, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाजार शुक्ल के थाना प्रभारी विवेक कुमार वर्मा में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम और शुकुल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाजार शुक्ल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार के चलते वाहन का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना समझ में आ रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी