Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नूंह, 19 जुलाई (हि.स.)। नूंह पुलिस ने पश्चिम बंगाल में डेढ़ वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के थाना भद्रेश्वर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे में दीनू निवासी रोजकामेव जिला नूंह वांछित चल रहा था।
आरोपी पर करीब डेढ़ वर्षीय शिशु के अपहरण का आरोप है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नूंह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले की आगामी जांच थाना भद्रेश्वर पुलिस द्वारा की जा रही है।
नूंह पुलिस का कहना है कि जिले में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया