फतेहपुर बेरी में इवेंट मैनेजमेंट के गोदाम में भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र स्थित स्वरूप कॉलोनी में रविवार सुबह इवेंट मैनेजमेंट के सामान और फर्नीचर से भरे एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना सुबह करीब 6:42 बजे दिल्ली दमकल विभाग को मिली। देखते ही द
आग की फाेटाे


नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र स्थित स्वरूप कॉलोनी में रविवार सुबह इवेंट मैनेजमेंट के सामान और फर्नीचर से भरे एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना सुबह करीब 6:42 बजे दिल्ली दमकल विभाग को मिली। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने चरणबद्ध तरीके से कुल 15 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजा।

दमकल विभाग के अनुसार, आग इवेंट मैनेजमेंट में इस्तेमाल होने वाले टेंट, सजावटी सामान और फर्नीचर के गोदाम में लगी थी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। शुरुआती प्रयासों के बाद आग की गंभीरता बढ़ने पर अतिरिक्त दमकल वाहनों को लगातार रवाना किया गया।

राहत और बचाव कार्य के दौरान सबसे बड़ी चुनौती गोदाम तक पहुंचने वाली संकरी और पतली गलियां रहीं। बड़े दमकल वाहन अंदर तक नहीं पहुंच सके, जिसके चलते बाद में विशेष रूप से चार स्मॉल वाटर टेंडर भी भेजे गए। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। करीब सुबह 8:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद भी गोदाम में धुआं और गर्मी बनी रहने के कारण दमकल विभाग ने कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम में रखा टेंट, फर्नीचर और अन्य सामान आग की चपेट में आने से भारी नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी