Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 19 जुलाई (हि.स.)।
पांवटा साहिब में रविवार को यमुना नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
अनुभवी गोताखोरों के प्राथमिक अनुमान के अनुसार यह शव लगभग 7 से 8 दिन पुराना हो सकता है। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव काफी क्षत-विक्षत हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए शवगृह भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और व्यक्ति के बारे में अधिक जानकारी साझा की जा सकेगी।
पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए मृत व्यक्ति की पहचान के लिए आस-पास के सभी थानों और सीमावर्ती इलाकों में सूचना भेज दी है ताकि लापता लोगों के रिकॉर्ड से इसका मिलान किया जा सके।
इस घटना के बाद प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन की ओर से लगातार यह अपील की जा रही है कि मौसम और जलस्तर को देखते हुए कोई भी व्यक्ति नदी-नालों के करीब न जाए और सुरक्षा नियमों का पालन करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर