Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 19 जुलाई (हि.स.)। सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने जनपद में विशेष अभियान चलाकर 94 धार्मिक स्थलों से मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकर हटवाए।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की। इस दौरान कई स्थानों पर निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में यंत्र संचालित पाए गए।
कार्रवाई के तहत शहर क्षेत्र के 31 और देहात क्षेत्र के 63 धार्मिक स्थलों से कुल 94 लाउडस्पीकर हटवाए गए। पुलिस ने संबंधित प्रबंधकों और समितियों को निर्देश दिए कि सक्षम अनुमति के बिना तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकरों का संचालन न किया जाए।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में जागरूक भी किया। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस के मीडिया विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला